(DELHI, DELHI)
बिग बॉस के दसवें सीजन से बाहर होने वाले विवादित कंटेस्टेंट स्वामी ओम एक बार फिर चर्चा में हैं। दिल्ली के रणहौला के विकास नगर स्थित सत्यम वाटिका में नाथूराम गोडसे जयंती का कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में स्वामी ओम बाबा को बुलाया गया था। स्वागत के लिए जैसे ही स्वामी ओमको मंच पर बुलाया गया तो लोग भड़क गए। उनका कहना था कि गोडसे की जयंती पर पाखंडी बाबा को बुलाना गोडसे का अपमान करना है। स्वामी ओम पर भीड़ टूट पड़ी और लात घूसों की बरसात कर दी। स्वामी ओम अपनी कार में वहां से जाने लगे तो लोगों ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और उनकी उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। इस हमले में कार ड्राइवर भी घायल हो गया। इससे पहले जनवरी में उन्होंने एक न्यूज चैनल पर शो के दौरान मारपीट की थी। वहां उन्होंने शो के दौरान दर्शकों में बैठी एक महिला के साथ बहस की और महिला के साथ बदजुबानी की थी। जिसके बाद शो में आए मेहमान आपस में लड़ाई करने लगे थे। स्वामी की पिटाई की कोई तस्वीर अभी तक सामने नहीं आई है। इससे पहले स्वामी के नए लुक की तस्वीर सामने आई थी। नए लुक में ओम स्वामी ने अपने लंबे बाल कटवा रखे हैं और क्लीव शेव नजर आ रहे हैं। स्वामी ओम बिग बॉस से बाहर होने के बाद अपनी हरकतों के लिए काफी सुर्खियों में रहे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।