कश्मीर-पुलवामा: आतंकी सबजार अहमद सेना से मुठभेड़ मे मारा गया
(Pulwama, Pulwama) कश्मीर में पुलवामा जिले के त्राल इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में टॉप हिजबुल कमांडर सबजार अहमद भट को मार गिराया है। सबजार अहमद को बुरहान वानी की मौत के बाद हिजबुल की कमान मिली थी। त्राल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ अभी भी जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में हिजबुल मुजाहिदीन के कुछ शीर्ष आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कश्मीर से 36 किलोमीटर दूर त्राल के सोइमोह गांव की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि जैसे ही सुरक्षा बलों ने उस घर को बंद कर दिया जहां पर आतंकवादी छुपे हुये थे, आतंकवादियों ने गोलीबारी कर दी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें टॉप हिजबुल कमांडर सबजार अहमद भट को मार गिराया। इससे पहले रामपुर सेक्टर में सुरक्षाबलों ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए 6 आतंकियों को ढेर कर दिया।बीती रात को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों ने आर्मी पट्रोल पार्टी पर हमला कर दिया। इसकी जवाबी कार्रवाई में सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया और मुठभेड़ देर रात तक जारी। सुरक्षाबलों ने त्राल में सैमूह गांव के आसपास पूरी तरह से घेराबंदी कर ली है और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। 42 राष्ट्रीय राइफल की पेट्रोल पार्टी पर रात नौ बजे यह हमला किया गया।
इससे पहले मंगलवार को भी सुरक्षाबलों ने लश्कर के कश्मीर के कमांडर अबू दुजाना के छिपे होने की खबर मिलने के बाद हकरिपुरा में मुठभेड़ के बाद बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। लेकिन रात के अंधेरे और स्थानीय लोगों की पत्थरबाजी का फायदा उठाकर आतंकवादी भागने में कामयाब रहे थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।