हताश आतंकी जाकिर मूसा ने बतया भारतीय मुसलमानों को दुनिया मे सबसे ज्यादा बेशर्म
(DELHI, DELHI) हिजबुल मुजाहिदीन के पूर्व कमांडर और अब अल-कायदा का आतंकी जाकिर मूसा ने सोमवार को भारतीय मुसलमानों को इस्लामिक जिहाद में शामिल न होने पर उनकी आलोचना की है। एक ऑडियो जारी करते हुए मूसा ने बताया कि भारतीय मुसलमान दुनिया में सबसे बेशर्म होते हैं। अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ऑडियो टेप में आतंकी जाकिर मूसा की ही आवाज होने की पुष्टि की है। मूसा ने ये ऑडियो रिकॉर्डिंग टेलीग्राम और व्हाट्सऐप के जरिए से शेयर भी किए हैं। भारतीय मुसलमानों से अपने पहले सीधे संवाद में मूसा ने कहा कि यह लड़ाई केवल कश्मीर तक सीमित नहीं है।

आतंकी मूसा ने कहा, यह लड़ाई इस्लाम और काफिरों के बीच की है। मूसा का यह ऑडियो कश्मीरी-उर्दू उच्चारण में है। आतंकी मूसा ने हाल में कथित गौरक्षकों द्वारा की गई कुछ हत्याओं पर भारतीय मुस्लिमों को पीडि़तों के साथ न खड़े होने की आलोचना की है। ऑडियो टेप में मूसा ने भारतीय मुसलमानों के लिए कहा कि ये दुनिया के सबसे बेशर्म मुस्लिम हैं। उन्हें खुद को मुस्लिम कहने में शर्म आनी चाहिए। हमारी बहनों की बेइज़्ज़ती और उनके खिलाफ ज्यादती हो रही है लेकिन वे इस्लाम में शांति है बोल रहे हैं।

मूसा ने आगे कहा, ये सबसे अधिक बेगैरत कॉम है जो अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ कुछ नहीं बोलती है। क्या पैगंबर और अनुयायिों ने हमें यही सिखाया है। इन सभी ने युद्ध के दौरान हमारी बहनों के सम्मान के लिए शहादत दी थी। अपनी ऑडियो क्लिप में आतंकी मूसा ने ऐतिहासिक इस्लामिक युद्ध जंग-ए-बद्र का भी हवाला दिया है। उसने कहा है कि महज 313 की संख्या होने के बावजूद उन्होंने दुनिया पर राज किया लेकिन हम करोड़ों की संख्या में हैं और गुलाम बने हुए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।