बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन: ज़रूरतमंद बच्चों के लिए पिता समान हैं बजरंगी भाईजान
(DELHI, DELHI) सलमान ख़ान ने भले ही अब तक शादी ना की हो, उन्होंने किसी बच्चे को गोद भी नहीं लिया हो, लेकिन जब भी किसी ज़रूरतमंद बच्चे को इलाज या शिक्षा की ज़रूरत होती है, वह एक ऐसे पिता की भूमिका में आ जाते हैं, जो अपने बच्चे की भलाई के लिए हर संभव प्रयास करता है।

सलमान ख़ान ने अपने फाउंडेशन बीइंग ह्यूमन के माध्यम से कितने ही बच्चों की निस्वार्थ ज़िम्मेदारी उठायी है। कुछ ऐसा ही एक बार फिर हुआ है। सलमान ख़ान दो साल के बच्चे के इलाज के लिए आगे आये हैं। बच्चे के पिता राकेश अवर ने बताया, ''यह सच है कि हमारा दो साल के बेटा लिवर की बीमारी से परेशान है और लिवर ट्रांसप्लांट की ज़रूरत है। हमने सुना था कि सलमान लोगों की मदद करते हैं। बच्चे के इलाज में लगभग 12 लाख का ख़र्च था और हमारे पास उतना फंड नहीं था। हमने डॉक्टर को कहा कि वह हमें वक़्त दें। हमने बीइंग ह्यूमन को एप्रोच किया। हमें लगा कि वह हमें कुछ पैसे देंगे, लेकिन उन्होंने 2 लाख रुपये दिये।

अवर इस बात से ख़ुश हैं कि इस पूरे प्रोसेस में बीइंग ह्यूमन ने अधिक वक़्त नहीं लगाया। अवर के बेटे का इलाज अब नयी मुंबई के अपोलो अस्पताल में होगा। यही नहीं, सलमान ने संदीप देसाई जो कि गरीब बच्चों के लिए स्कूल और शिक्षा प्रदान करने की कोशिशों में हमेशा जुटे रहते हैं, उनकी भी मदद की। संदीप ने अपने फेसबुक पर यह बात शेयर की है कि हर बार की तरह इस बार भी सलमान ख़ान ने गरीब बच्चों के स्कूल के लिए फंड देने का वादा किया है।

संदीप इस बार बिहार के सीतामढ़ी इलाके में गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कोशिशें करना चाहते हैं। संदीप ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है कि उन्हें लगा था कि सलमान अभी फ़िल्म ट्यूबलाइट के प्रमोशन में व्यस्त होंगे तो उनसे बात नहीं हो पाएगी, लेकिन सलमान ने तुरंत बात की। संदीप श्लोक मिशनरीज़ ट्रस्ट के माध्यम से लंबे अर्से से बच्चों के हित के लिए काम कर रहे हैं और सलमान पहले भी उनके काम की सराहना करते रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।