चोटी कटने का डर : एक ही रात में यूपी के कई जिलों में महिलाओं की कटी चोटियां, दहशत का माहौल
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मथुरा-आगरा से शुरू हुई महिलाओं की चोटी काटे जाने की दहशत पश्चिमी से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैलती दिखाई दे रही है। गुरुवार को भी देहात से शहरों तक जगह-जगह महिलाओं की चोटी काटने के मामले सामने आए। ताजा घटनाएं बुलंदशहर और शाहजहांपुर से सामने आई हैं।

बुलंदशहर जिले के के दो गांवों में तीन महिलाओं की चोटी काट ली गई। थाना नरसेना के गांव यूनिसपुर में गुरुवार रात महिला बिलकिश और जयश्री अपने-अपने घरों में आराम कर रही थीं। तभी अचानक इन दोनों महिलाओं की चोटी कट गई। घटना की जानकारी थाना पुलिस को भी दी गई है। इससे महिलाओं में दहशत है।

उधर, ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट में घर में सो रही महिला मिथलेश की भी चोटी कट गई। कमरे में महिला बेहोशी की हालत में मिली। शुक्रवार की सुबह खुलासे से गांव में दहशत का माहौल है।
शाहजहांपुर में चोटी कटने की तीसरी घटना तिलहर के मलूकापुर गांव में घटी। जहां ओमवती पत्नी सुरेश गंगवार के रात में सोते समय कोई चोटी काट गया। इससे पहले तिलहर के ही मौजमपुर में नूर फात्मा और जैतीपुर में भी रोशनी नाम की लड़की की चोटी काटने की घटना हो चुकी है।

हर तरफ अफवाहें फैल रही हैं, जिसकी वजह से पुलिस भी खासी टेंशन में है। अंधविश्वास को लेकर लोग तरह-तरह के जतन करते नजर आ रहे हैं। डीजीपी ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

आगरा में चोटी कटने की दहशत सुबह देहात से दयालबाग क्षेत्र तक पहुंच गई। गुप्ता कालोनी में पुजारी महेश चंद की पत्नी मुन्नीदेवी की चोटी कटी मिली। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। चप्पा-चप्पा छान मारा मगर किसी के आने के निशान नहीं मिले। आगरा, मथुरा की तरह बिजनौर और हापुड़ में भी चोटी काटे जाने की घटना सामने आई।

बिजनौर में धामपुर क्षेत्र के पाडली मांडू गांव में नरेश कुमार की पत्नी पुष्पा की रात में किसी ने चोटी काट दी। हापुड़ के गांव असौड़ा निवासी शहीद की पत्नी आसमा की भी चोटी कट गई। पिलखवा क्षेत्र के गांव बझैढ़ा खुर्द में राकेश की पत्नी बबली की रात में चोटी काटी गई। ग्रेटर नोएडा के अच्छेजा गांव में शिखा और रेखा के साथ भी ऐसी ही घटना हुई। हाथरस जिले के चंदपा में योगेश शर्मा पत्नी गीता देवी के साथ भी ऐसा हुआ।

रुहेलखंड में भी दहशत दिखी। बदायूं और शाहजहांपुर जिले में महिलाओं की चोट काट दी गईं। कुशीनगर में एक किशोरी की चोटी कटने की घटना सामने आई। अमरोहा में हसनपुर के मोहल्ला में मायके में आई शाहीन की चोटी कट गई। उरई, झांसी और फर्रुखाबाद में भी कई महिलाओं के साथ ऐसी घटनाएं घटीं हैं। सभी जिलों में पुलिस अधिकारी लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील कर रहे हैं। एडीजी मेरठ प्रशांत कुमार ने चेतावनी दी है कि किसी भी अफवाह फैलाई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।