पांच सितारा होटलों में रहती ,खाती-पीती और बिना बिल चुकाए गायब हो जाती महिला ...
(Kolkata, Kolkata) कोलकाता और विधाननगर कमिशनरेट इलाके में स्थित पांच सितारा होटलों में शाही अंदाज में रहने व खाने-पीने के बाद बिल नहीं चुकाने के आरोप में विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस ने न्यूटाउन इलाके से एक महिला को उसके बेटे-बेटी के साथ गिरफ्तार किया है। उनके नाम सुमन शंकर (मां), वंशिका यश (बेटी) और पुनीत कुमार (बेटा) है। तीनों उत्तर प्रदेश के कुशीनगर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने महिला के बच्चों को होम में भेज दिया है। वहीं उसे कब्जे में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक सुमन अपने बेटे पुनीत और बेटी वंशिका के साथ कोलकाता आती थी। यहां के महंगे होटलों में कई दिन आराम से रहती। होटल के महंगे खाना खाती। जब बिल चुकाने की बारी आती, तो होटल प्रबंधन को जानकारी दिए बगैर धीरे से चंपत हो जाती थी। इस तरह कई वारदातों को अंजाम देने से होटल मालिक परेशान हो चुके थे। बीते दिनों इएम बाइपास स्थित एक होटल मालिक ने सुमन के खिलाफ विधाननगर दक्षिण थाने में ठगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में जुटी पुलिस को गत शनिवार की रात सुमन के न्यूटाउन स्थित एक तीन सितारा होटल में ठहरने की गुप्त सूचना मिली।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त होटल में छापामारी कर सुमन व उसके बच्चों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस व होटल प्रबंधन की मानें तो सुमन यहां से भी बिना बिल दिए भागने की कोशिश में थी। वे लोग अपना सामान लेकर होटल से बाहर निकले, तो संदेह हुआ। कारण पूछने पर बताया कि वे अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहे हैं। जल्द ही वापस आ जाएंगे। पर उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।