हनीप्रीत 23 OCT तक न्यायिक हिरासत में जाएंगी अंबाला जेल.....
(DELHI, DELHI) रेप के दो मामलों में रोहतक जेल में 20 साल सश्रम कारावास की सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत इंसा को पंचकूला जिला ने 23 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हनीप्रीत को अंबाला जेल में रखा गया है। गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को हनीप्रीत की कस्टडी खत्म होने के बाद पंचकूला पुलिस ने उसे जिला अदालत में पेश किया। इससे पहले 10 अक्टूबर को कोर्ट ने हनीप्रीत की पुलिस रिमांड तीन दिन के लिए बढ़ा दिया था। पुलिस ने कोर्ट के समक्ष बताया कि हनीप्रीत का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है लेकिन अब तक लैपटॉप हासिल नहीं हो सका है।
कोर्ट ने हनीप्रीत और सुखदीप कौर को 23 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हरियाणा पुलिस की तरफ से हनीप्रीत के लिए और रिमांड नहीं मांगा गया। हरियाणा जेल सूत्रों के मुताबिक हनीप्रीत को अंबाला जेल में रखा जाएगा और आगे की जितनी भी पेशी होंगी वो सुरक्षा के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाएगी। वहीं इस बीच डेरा की चेयरपर्सन विपासना भी पंचकूला के सेक्टर 23 थाने पहुंची। हनीप्रीत और विपासना दोनों से पुलिस ने आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की। विपासना को सामने देख हनीप्रीत जोर-जोर से रोने लगी। पंचकूला पुलिस ने दोनों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की।
इससे पहले कोर्ट की ओर से तीन दिन की रिमांड अवधि बढ़ाए जाने के बाद पुलिस ने हनीप्रीत से कई राज जानने की कोशिश की। पंचकूला दंगों की जांच कर रही हरियाणा पुलिस की एसआइटी हनीप्रीत को लेकर बुधवार को पहले पंजाब के भठिंडा गई और फिर राजस्‍थान ले कर पहुंची। पुलिस दिन में बठिंडा के गांव जंगीराना पहुंची और वहां जांच के बाद राजस्‍थान गई। सूत्रों की मानें तो अपनी जुबान न खोलने वाली हनीप्रीत ने पुलिस के सामने कई राज खोले हैं और उसी के आधार पर पुलिस उसे विभिन्‍न स्‍थानों पर ले जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।