आतंकवाद को शह देता है पाकिस्तान- भारत....
(DELHI, India) पाकिस्तान की अदालत के मोस्टवांटेंड आतंकी और मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की रिहाई के आदेश पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि आतंकी हाफिज सईद की रिहाई के आदेश से एक बार फिर पाकिस्तान सरकार में आतंकवाद के प्रति गंभीरता की कमी का पता चलता है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकी को खुला घूमने की अनुमति मिलने से पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की तरह भारत भी आहत है। यह सबूत है कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को समर्थन और शह देने की अपनी नीति में कोई बदलाव नहीं किया है। उसकी असलियत एक बार सबसे सामने आ गई है।
गौरतलब है कि पंजाब प्रांत के न्यायिक समीक्षा बोर्ड ने हाफिज की नजरबंदी की मियाद को तीन महीने बढ़ाने के सरकार के आग्रह को खारिज करते हुए बोर्ड ने बुधवार को सईद की रिहाई का आदेश दिया था। बोर्ड ने कहा कि अगर जमात-उद-दावा का प्रमुख हाफिज सईद किसी अन्य मामले में वांछित नहीं है तो उसकी रिहाई का आदेश दिया जाता है।
हाफिज को अमेरिका और भारत दोनों ने मुंबई हमलों को मास्टरमाइंड माना है। 2008 में हुए इन हमलों में 166 लोगों की मौत हो गई थी।
कुलभूषण मामले पर रवीश कुमार ने कहा कि जाधव की मां ने काफी पहले पाकिस्तान में अपने बेटे से मिलने का अनुरोध किया था। भले ही उनका यह अनुरोध लटका हुआ था लेकिन भारत ने पाकिस्तान द्वारा कुलभूषण जाधव की उनकी पत्नी से मुलाकात कराने के प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। हमने कहा है कि कुलभूषण जाधव की पत्नी उनसे मिलने के लिए अपनी सास के साथ जाना चाहती हैं। हमने पाकिस्तान की सरकार से इन दोनों की सुरक्षा की गारंटी भी मांगी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।