जम्मू-कश्मीर में सेना के काफिले पर आतंकी हमला, जवान घायल
(DELHI, DELHI) दक्षिणी कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को सेना के काफिले पर आतंकियों ने हमला कर दिया जिसमें एक जवान घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सेना का काफिला जम्मू से श्रीनगर जा रहा था। इसी दौरान काजीगुंड में बोनिगाम के पास आतंकियों ने सेना के काफिले पर हमला बोल दिया। हमले में एक सैनिक घायल हो गया। साथ ही उन्होंने बताया कि हमले के बाद आतंकी भाग निकले। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के डायरेक्टर जनरल ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि काजीगुंड के पास एक घर से फायरिंग की गई थी जिसके बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और जवाबी फायरिंग अभी जारी है। सूत्रों के मुताबिक सेना का काफिला आतंकियों के लिए आसान निशाना होता है। बता दें, पिछले साल जून महीने में श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र में पंपोर के पास सीआरपीएफ के एक काफिले पर आतंकी हमला किया गया था जिसमें 20 जवानों की मौत हो गई थी। दिसंबर महीने में दक्षिण कश्मीर में मोटर साइकिल सवार आतंकियों ने सेना की एक बस पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन सैनिक शहीद हो गए थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।