नोटबंदी: 1 साल में 25000 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला
(DELHI, DELHI) केंद्र सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा में बताया कि नवंबर 2016 में किए गए नोटबंदी के बाद से करीब 25 हजार करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला है। राजेश कुमार दिवाकर और के. गोपाल के एक सवाल के लिखित जवाब में लोकसभा में वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि नवम्बर 2016 में हुए नोटबंदी के बाद से करीब 24 हजार 800 करोड़ रुपये की से अधिक की अघोषित आय का पता चला है।
उन्होंने बताया कि नवम्बर 2016 से मार्च 2017 के दौरान आयकर विभाग ने करीब 900 समूहों की तलाशी ली जिसमें 7900 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता चला। उन्होंने कहा कि इस दौरान आयकर विभाग ने 8200 से अधिक सर्वे किए जिनमें 6700 करोड़ रुपये से अधिक अघोषित आय का पता चला। मंत्री ने बताया कि अप्रैल 2017 से अक्तूबर 2017 के दौरान आयकर विभाग ने करीब 275 समूहों की तलाशी ली जिसमें 7800 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता चला और इस दोरान 3100 से अधिक सर्वे किए गए जिनमें 2400 करोड़ रुपये से अधिक अघोषित आय का पता चला।
उन्होंने बताया कि नोटबंदी के बाद से करदाताओं की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है और चालू वित्त वर्ष के दौरान सात नवम्बर 2017 तक यह वृद्धि दर 19.5 फीसदी रही। शुक्ल ने बताया कि वित्त वर्ष 2016-17 में कुल प्रत्यक्ष कर संग्रहण आठ लाख 49 हजार 818 करोड़ रुपये था जबकि बजट अनुमान आठ लाख 47 हजार 98 करोड़ रुपये था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।