गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी (डीएम) बृजेश नारायण सिंह ने बताया कि जिन तीन भू-माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है उनकी पहचान देव शर्मा, रविंद्र नागर तथा प्रशांत शर्मा के रूप में हुई है।
नोएडा पुलिस की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, डीएम ने बताया कि नोएडा पुलिस ने उन्हें एक रिपोर्ट देकर बताया था कि शाहबेरी गांव में कुछ भू-माफियाओं ने कृषि भूमि को आवासीय भूमि बताकर उस पर बहुमंजिली इमारत बनाई है तथा धन अर्जित करने के उद्देश्य से लोगों को इनमें बने फ्लैट बेच रहे हैं।
जिले में सक्रिय भू-माफियाओं की हो रही पहचान
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि भू-माफियाओं ने ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण से न तो फ्लैट बनाने की अनुमति ली थी और ना ही प्राधिकरण से नक्शा पास कराया था। डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन जिले में सक्रिय भू-माफियाओं को चिन्हित कर रहा है जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी संपत्ति को भी कुर्क किया जाएगा।
मालूम हो कि 2018 में ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी गांव में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत ढह गई थी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी जबकि दर्जनभर लोग घायल हो गए थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।