लो...आलिया तो हो गई हैं राज़ी, बस इस साल रुकना होगा, अगले बरस...
(India) मुंबई। पिछले साल अकेले के दम पर बॉक्स ऑफ़िस से 100 करोड़ से अधिक कमाई करने वाली आलिया भट्ट इन दिनों फुल फॉर्म में हैं। उनकी फिल्म राज़ी ने पिछले साल कमाल का प्रदर्शन किया था और अब आलिया इस फिल्म के अगले भाग के लिए राज़ी हो गई हैं।

ख़बर है कि आलिया भट्ट ने राज़ी के सीक्वल में काम करने के लिए दिलचस्पी दिखाई है। राज़ी, साल 2008 में आई हरिंदर सिक्का की किताब ‘कॉलिंग सहमत’ की कहानी पर आधारित रही। हरिंदर सिक्का ने उस दौरान हुई एक सच्ची घटना को किताब के पन्नों में कैद किया था। राज़ी कश्मीर की कॉलेज जाने वाली एक लड़की सहमत की कहानी है जो पिता की अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए पाकिस्तानी सेना अधिकारी से शादी कर देशभक्ति के लिए जासूस बन जाती है। और फिर जब इंटेलिजेंस के लोग ये मान लेते हैं कि सहमत फंस गई है और उसे ख़त्म करना होगा तब वो बड़ी ही सूझबूझ से बच कर निकल आती है।

पाकिस्तान ने भारत लौटने के बाद राज़ी की कहानी ख़त्म हो गई थी और अब खबर है कि हरिन्दर सिक्का ने अब अपने नॉवेल कॉलिंग सहमत का दूसरा भाग लिखना शुरू कर दिया है। इसे रिमेम्बरिंग सहमत का नाम दिया जा रहा है। सिक्का के मुताबिक उस लड़की (सहमत) से जब उन्होंने बातचीत की थी तो उससे इतनी सारी जानकारी मिली थी कि उस पर एक और किताब तो बनती ही है। जानकारी के मुताबिक राज़ी का दूसरा भाग जासूसी पर नहीं होगा बल्कि उस सहमत की आगे की ज़िंदगी पर होगा जब वो पाकिस्तान से लौट कर भारत आ जाती है। भारत आने के बाद सहमत डिप्रेशन में चली जाती हैं, अपने साथ हुई घटनाओं को सोच सोच कर। उसका अपने भी बेटे को स्वीकारने से मना कर देना और सार्वजनिक जीवन से अलग थलग हो जाना भी इस नॉवेल के दूसरे भाग का हिस्सा होगा।
हरिन्दर सिक्का के मुताबिक उन्होंने दूसरा भाग लिखना शुरू करने के साथ ही आलिया भट्ट से इस बारे में बात की है और आलिया ने फिर से सहमत का रोल करने में पूरी दिलचस्पी दिखाई है। जानकारी के मुताबिक इस साल के अंत तक ‘रिमेम्बरिंग सहमत’ छप कर बाज़ार में आ जायेगी और उसके बाद फिल्म को लेकर तैयार शुरू हो सकती है। मेघना गुलज़ार की फिल्म राज़ी में सहमत का वो किरदार आलिया भट्ट ने निभाया और फिल्म में विक्की कौशल, रजित कपूर, सोनी राजदान, अमृता खानविलकर, शिशिर शर्मा और जयदीप अहलावत ने काम किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।