उन्नाव कांड: पीड़िता के चाचा बोले, कुलदीप सिंह सेंगर को सजा दिलाकर ही लेंगे दम
(DELHI, DELHI) उन्नाव कांड की रेप पीड़िता की चाची का शव जैसे ही गंगा घाट के मिश्रा कॉलोनी घाट पर पहुंचा माहौल गमगीन हो गया। पीड़िता का चाचा पत्नी के शव के पास पहुंचा तो फफक पड़ा। घरवाले और पीड़िता का 12 साल का भाई चाचा से लिपट कर रोने लगा। चाचा ने घरवालों को हिम्मत बंधाई और बोला कि इस लड़ाई में हम पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं। न्याय की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे। विधायक कुलदीप सिंह सेंगर समेत सभी आरोपितों को सजा दिलाकर ही दम लेंगे।
बहुचर्चित रेप प्रकरण में संदिग्ध हालातों में मरी पीड़िता की चाची का गंगा घाट की मिश्रा कॉलोनी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पीड़िता के चाचा को हाई कोर्ट के आदेश पर एक दिन के पेरोल पर पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लाया गया। 11:00 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच पीड़िता के चाचा ने पत्नी को मुखाग्नि दी ।बुधवार को तड़के ही पीड़िता के चाचा को रायबरेली जेल से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लाया गया था। सुबह करीब 8:00 बजे वह शुक्लागंज पहुंच गए थे।
उधर, पुलिस पीड़िता की चाची का शव अलसुबह उसके गांव मांखी लेकर पहुंची। रिश्तेदारों और गांव वालों की मदद से शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी में जुट गई। करीब दो दर्जन गांव के लोगों को एक बस में भरकर और पीड़िता की चाची के शव को शव वाहन में रखकर पुलिस 10:00 बजे मिश्रा कॉलोनी घाट पर पहुंच गई थी।
प्रशासन मीडिया के लिए अलग बैरिकेडिंग कर दी थी। मीडिया के लोगों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन पीड़िता के चाचा से प्रशासन ने बात करने नहीं दी। चाचा को देखते ही पीड़ित परिवार के लोग फफक पड़े। घाट पर सिर्फ पीड़िता के घर वाले और रिश्तेदार ही मौजूद थे।
प्रशासनिक अफसर भले ही मीडिया को रोक रहे थे लेकिन पीड़िता का चाचा अपना संदेश मीडिया तक पहुंचाने में नहीं चुके। वह घाट पर पहुंचे तो करीब 1 घंटे तक अपने परिवार को लोगों से बात करते रहे। वह जो बोल रहा था वह बातें मीडिया के लोगों को सुनाई भी दे रही थी। उसने सीधे तौर पर कहा कि विधायक ने यह घटना कराई है। उनके आदमी हमेशा पीड़िता और उनके घर वालों के पीछे पड़े हैं। न्यायालय से न्याय की पूरी उम्मीद है। वह इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत नहीं हारेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।