टेरिटोरियल आर्मी ऑफिसर की भर्ती शुरू, आज से करें आवेदन
(India) भारतीय सेना ने टेरिटोरियल आर्मी में ऑफिसर पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह एक स्वैच्छिक सेवा है, जिसमें आम नागरिक अपनी वर्तमान नौकरी या व्यवसाय के साथ सेना में सेवा दे सकते हैं। आवेदन 12 मई से शुरू हो चुके हैं और अंतिम तिथि 10 जून 2025 है, जबकि लिखित परीक्षा 20 जुलाई 2025 को होगी। कुल 19 पदों पर भर्ती होगी—18 पुरुषों और 1 महिला के लिए। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच और न्यूनतम योग्यता स्नातक होनी चाहिए। उम्मीदवार को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट होना जरूरी है। आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है और आवेदन केवल www.indianarmy.nic.in या www.jointerritorialarmy.gov.in पर ऑनलाइन किए जाएंगे।

टेरिटोरियल आर्मी, जिसकी स्थापना 1948 में हुई थी, भारतीय सेना की दूसरी पंक्ति की रक्षा मानी जाती है। यह कोई नियमित नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का अवसर है। सेना ने इसे 1962, 1965, 1971 और करगिल युद्ध में सक्रिय रूप से तैनात किया है। चयनित उम्मीदवारों को ₹56,100 से ₹1,77,500 तक वेतन, ₹15,500 मिलिट्री सर्विस पे, राशन, मेडिकल सुविधा, आर्मी कैंटीन, सरकारी आवास और यात्रा भत्ता जैसी सुविधाएं मिलती हैं। कपिल देव, एमएस धोनी, अभिनव बिंद्रा, अनुराग ठाकुर, सचिन पायलट, मोहनलाल और नाना पाटेकर जैसी हस्तियां भी इसका हिस्सा रह चुकी हैं। टेरिटोरियल आर्मी समय-समय पर अन्य रैंकों के लिए भी भर्तियां करती है और चयनित अभ्यर्थियों को सेना के बराबर रैंक व जिम्मेदारियां दी जाती हैं।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।