उत्तराखंड में बारिश से तबाही का खतरा: बाढ़ अलर्ट जारी, 74 सड़कों पर यातायात ठप
(India) मौसम विज्ञान विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन (नई दिल्ली) ने उत्तराखंड में बाढ़ की आशंका जताई है। इसके बाद राज्य आपातकालीन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि सोमवार को अगले 24 घंटों के दौरान अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर स्तर पर सतर्क रहें और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएं।
बारिश के चलते प्रदेशभर में मलबा और भूस्खलन से 74 सड़कों पर यातायात पूरी तरह से बाधित है। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी औजरी के पास अब तक नहीं खुल पाया है। राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, रुद्रप्रयाग में पांच सड़कें, उत्तरकाशी में एक राष्ट्रीय राजमार्ग और आठ ग्रामीण सड़कें बंद हैं।
नैनीताल और चमोली में एक-एक राज्य मार्ग के साथ-साथ चमोली में 20 अन्य सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ में 9, अल्मोड़ा में 3, बागेश्वर में 8, चंपावत में 1, पौड़ी में 6, देहरादून में 4 और टिहरी जिले में 8 ग्रामीण सड़कों पर यातायात ठप है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।