कपिल शर्मा को आतंकी पन्नू की धमकी, गोलीबारी के बाद दी गई चेतावनी
(India) कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के नए कैफे ‘कैप्स कैफे’ पर 9 जुलाई की रात अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें हालांकि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने सभी को चौंका दिया। हमले की जिम्मेदारी बब्बर खालसा से जुड़े हरजीत सिंह लाडी ने ली, और अब, तीन दिन बाद खालिस्तान समर्थक संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कपिल शर्मा को एक वीडियो संदेश के जरिए धमकी दी है। वीडियो में पन्नू ने कपिल को चेतावनी देते हुए कहा कि “कनाडा आपके खेल का मैदान नहीं है” और दावा किया कि हिंदुत्व विचारधारा को यहां पैर नहीं जमाने दिए जाएंगे। उन्होंने कपिल से अपनी "खून-पसीने की कमाई" भारत वापस ले जाने की बात भी कही। पन्नू ने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग ‘मेरा भारत महान’ जैसे नारे लगाते हैं और मोदी सरकार का समर्थन करते हैं, वे भारत में निवेश की बजाय कनाडा में व्यापार क्यों कर रहे हैं। हमले के बाद कैफे प्रबंधन की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया कि उनका मकसद एक सुरक्षित और सकारात्मक जगह बनाना था, और इस हिंसा ने उनके सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। फिलहाल, कपिल शर्मा ने इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।