धर्मेंद्र का 89 की उम्र में निधन, सितारों ने दी अंतिम विदाई
(India) बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया, जिससे फिल्म उद्योग और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार हेतु मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट ले जाया गया।

अंतिम विदाई के मौके पर उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटी ईशा देओल, बेटे और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। श्मशान घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे, जहाँ बड़ी संख्या में प्रशंसक भी अपने प्रिय सितारे की एक झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए।

फिल्म जगत से भी कई नामी हस्तियाँ धर्मेंद्र को अंतिम सम्मान देने पहुंचीं। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान सहित कई सितारों ने उनकी निधन पर गहरा दुख जताया और उन्हें भारतीय सिनेमा का 'ही-मैन' बताते हुए उनकी विरासत को याद किया।

धर्मेंद्र ने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और रोमांस, कॉमेडी से लेकर एक्शन तक हर शैली में दर्शकों का दिल जीता। उनके निधन के साथ भारतीय सिनेमा के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।