ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं। उन्होंने बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने के निर्देश दिए।
झटपट पोर्टल के आवेदनों का जल्द होगा निस्तारण
ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या का सामना नहीं करना चाहिए। जहां जरूरत हो, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता का तत्काल विस्तार किया जाए, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे।
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। इससे घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने सीधा लाभ मिलने की बात कही गई।
नगर पंचायतों में भी बेहतर बिजली आपूर्ति पर जोर
नवसृजित नगर पंचायतों की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने के लिए नगर विकास विभाग तैयार है। ऐसे में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारी तेजी से काम करें।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।