(Rajasthan, India)
राजस्थान में मानसून की सक्रियता बढ़ते ही बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के दक्षिण पूर्वी हिस्सों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। गुरूवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय होने पर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। गुरुवार को सुबह से ही बादल छाए रहने से दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। वही आज भी दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने आज राजधानी में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार पछुआ हवाएं चलने से बारिश होने की संभावना है। लंबे इंतजार के बाद पहली बार राजधानी जयपुर में इंद्रदेव की जमकर मेहरबानी हुई। मानसून की पहली अच्छी बारिश ने ही पिछले सालों के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। दिनभर हुई झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 112.2 मिमी बारिश हुई। जो पिछले 13 सालों में 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश है। गुरुवार को हुई भारी बारिश से शहर में हालात अस्त व्यस्त हो गए और हर ओर पानी ही पानी नजर आया। जयपुर में हुई पहली बारिश से नगर निगम के दावों की भी पोल खुल गई और नालियां जाम होने से कई घंटों तक पानी सड़कों पर ही जमा रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राजधानी में हुई पहली अच्छी बारिश से रामगढ़ बांध के लिए भी खुशखबर है। रामगढ़ बांध तक पानी लेकर आने वाली ताला नदी में बारिश के बाद पानी आया है और नदी बहने लगी है। माना जा रहा है कि ऐसी अच्छी बारिश दो बार और होने के बाद रामगढ़ बांध में पानी की आवक होने लगेगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।