(BIHAR, India)
बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम माझी ने जहांनाबाद जिले के निजामुद्दीनपुर गांव में महिला को निर्वस्त्र कर पिटाई के मामले की जांच का आदेश दिया है। ग्रामीण बुधवार रात 40 वर्षीय संगीता देवी के घर में घुसे और उसे खींचकर घर से बाहर लाए।इसके बाद संगीत देवी के घर में तोड़फोड़ की। आरोपियों ने संगीता देवी के सारे कपड़े उतार दिए और लात-घूसों से पिटाई की। ग्रामीणों को शक था कि शक्ति सिंह नामक युवक के अपहरण में संगीता देवी शामिल है। पीडिता का जमीन को लेकर शक्ति सिंह से विवाद चल रहा था। घटना के वक्त पुलिस वाले भी मौजूद थे लेकिन वे तमाशबीन बने रहे। पुलिस वालों का बचाव करते हुए आईजी ने कहा कि हस्तक्षेप करने के लिए पुलिस कर्मियों की पर्याप्त संख्या नहीं थी। हालांकि उन्होंने ग्रामीणों को रोकने की कोशिश की। पुलिस वाले ही महिला को अस्पताल लेकर गए। जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला के कपड़े उतारे गए और उसकी पिटाई की गई। हमले में महिला को गंभीर चोटें आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिहार विधानसभा में मामला उठने के बाद मुख्यमंत्री जीतन राम माझी ने जांच के आदेश दिए। मांझी ने कहा कि जो कुछ हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अंजुम आरा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।