यूपी सबसे बेहतर, साजिशन किया जा रहा बदनाम: मुलायम
(BakshiKaTalab**, Lucknow) सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को लोकसभा में आरोप लगाया कि एक साजिश के तहत उत्तर प्रदेश को बदनाम करने के लिए वहां के शासन पर बेबुनियाद इल्जाम लगाए जा रहे हैं और दावा किया कि उनके प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति सबसे बेहतर है। सदन में शून्य काल के दौरान कुछ सदस्यों द्वारा उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति का मुद्दा उठाए जाने का मुलायम ने कड़ा प्रतिवाद किया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि गृह मंत्री को बुलाएं और वह पूरे देश की स्थिति को बताएं। मेरे पास भी आंकड़ें हैं। सबसे अच्छी स्थिति उत्तर प्रदेश की है। उत्तर प्रदेश के खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है, उसके विरूद्ध साजिश की जा रही है। इससे पहले भाजपा की निरंजन ज्योति ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। अपराध, चोरी, बलात्कार और हत्या के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने राज्य पुलिस और अपराधियों के बीच ‘सांठ-गांठ’ का भी आरोप लगाया। सपा सदस्यों ने उनके आरोपों का कड़ा प्रतिवाद किया। भाजपा के सुशील कुमार सिंह ने बिहार में और इसी दल के निशिकांत दुबे ने झारखंड में कानून व्यवस्था की कथित बिगड़ती स्थिति के मामले उठाए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।