केंद्र सरकार ने आईएएस दंपति अरविंद और टीनू जोशी को किया बर्खास्‍त
(DELHI, India) इस आईएएस दंपति के सरकारी आवास पर यहां आयकर विभाग ने फरवरी 2010 में छापा मारा था और इस छापे में वहां से लगभग तीन करोड़ रुपए नकद जब्त किए थे। इसके अलावा इस छापे में उनके पास लगभग 350 करोड़ रुपये की संपत्ति के दस्तावेजों का भी पता चला था, जो उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक था। इस मामले में जोशी दंपति पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भादंवि की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने अरविंद जोशी एवं टीनू जोशी को फरवरी 2010 में निलंबित कर दिया था और तब से वे दोनों निलंबन में थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इन दोनों आईएएस अधिकारियों की बर्खास्‍तगी के आदेश उनके घर पर टीनू जोशी को सोमवार शाम सौंप दिए गए हैं। अब इस दंपित के पास सिर्फ दो विकल्प बचे हुए हैं। इनमें से पहला यह है कि वे भारत के राष्ट्रपति से अपनी वापसी के लिए निवेदन करें, जबकि दूसरे विकल्प के रूप में वे अपनी बर्खास्‍तगी के आदेश के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएं। संभवत: यह देश में पहला मामला है, जब किसी दंपति आईएएस अधिकारियों को बर्खास्‍त किया गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने इन दोनों अधिकारियों को बर्खास्‍त करने की सिफारिश केन्द्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय को भेजी थी, जिसे केन्द्र सरकार ने स्वीकार करते हुए इस आईएएस दंपति को सरकारी सेवा से बर्खास्‍त कर दिया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।