तापस पाल पर HC के आदेश के खिलाफ अपील दायर करेगी ममता सरकार
(WESTBENGAL, India) पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय की दो सदस्यीय पीठ के समक्ष एकल पीठ के उस आदेश को चुनौती देते हुए अपील दायर करने का फैसला किया जिसमें महिलाओं के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के लिए तृणमूल कांग्रेस सांसद तापस पाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और इस मामले की सीआईडी जांच का निर्देश दिया गया था। विधि मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने यहां बताया, ‘अपील दायर करने का फैसला किया गया है।’ अभिनेता से सांसद बने पाल भी आदेश के खिलाफ अपील दायर करने जा रहे हैं। पाल के वकील राजदीप मजूमदार ने कहा, ‘हम भी अपील दायर करेंगे।’ अपील कल दो सदस्यीय पीठ के समक्ष दायर किए जाने की संभावना है क्योंकि न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने कल अपने आदेश में निर्देश दिया था कि आदेश के अदालत की वेबसाइट पर अपलोड होने के 72 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज की जाए। चुनावी रैलियों में महिलाओं और विपक्षी पार्टी समर्थकों के खिलाफ पाल की टिप्पणी पर सीआईडी जांच की मांग करने वाली याचिका पर आदेश सुनाते हुए न्यायमूर्ति दत्ता ने राज्य की कानून व्यवस्था और पुलिस की भूमिका के बारे में कठोर टिप्पणी की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।