(Rajasthan, India)
द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रहे स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने अहम कड़ी हाथ लगने का दावा किया है। एसओजी के मुताबिक ये अहम कड़ी राजस्थान लोकसेवा आयोग के विधि विभाग का वरिष्ठ लिपिक प्रकाश पारचा है। एसओजी एसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आयोग में बाबू की पोस्ट पर कार्यरत पारचा ने अभ्यर्थियों को पांच लाख रूपए में परीक्षा पास कराने की गारंटी दी थी। उसने अभ्यर्थियों को झांसा दिया था कि ओएमआर शीट में खाली छोड़े प्रश्नों के उत्तर में वह खुद सही गोले भर देगा। ताकि उनका चयन सुुनिश्चित हो सके। सौदा 3 से 5 लाख रूपए में तय होता था। इसके लिए पारचा ने छात्रों को आयोग की स्क्रीनिंग कमेटी और स्कैनिंग ऑपरेटरों से सांठगांठ होने का भी दावा किया था। पारचा शनिवार से ही घर से लापता है। एसओजी उसके खिलाफ जयपुर में केस दर्ज कर चुकी है। परीक्षा पिछले साल फरवरी में हुई थी। एसओजी ने मामले में रविवार को आयोग के अजमेर दफ्तर में सचिव नरेश ठकराल और उपसचिव भगवत सिंह राठौड़ से पूछताछ कर कुछ जानकारियां जुटाई हैं। टीम ने आयोग की गोपनीय शाखा और पारचा के घर मिले दस्तावेज की पड़ताल की और भर्ती परीक्षा से जुड़े कुछ दस्तावेज आयोग से जब्त किए। एसओजी को पारचा के घर से करीब नौ ग्रीन ओएमआर शीट भी मिली है। ये वो शीट है। जो नियमों के मुताबिक अभ्यर्थियों के पास होनी चाहिए। अब एसओजी पारचा और उन लोगों से पूछताछ करेगी, जिनकी ये ओएमआर शीट हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।