सवेरे महाकाल ध्यान का यह उपाय दूर करता है परेशानियां
(India) इसी सोच व आस्था से हिन्दू धर्म परंपराओं में बुरे वक्त, हालात या बदहाली से बचने के लिए शिव उपासना मंगलकारी मानी गई है, क्योंकि शिव भक्ति का मूल भाव ही शुभ कामों या बातों को अपनाना है। खास तौर पर भगवान शिव का महाकाल स्वरूप काल के हर भय को दूर करने वाला माना गया है। शिव के इस अद्भुत स्वरूप की उपासना का फल केवल काल या मृत्यु को टालने के ही अर्थ में ही नहीं है, बल्कि संदेश है कि शिव भक्ति काल यानी वक्त को भी अनुकूल बनाने वाली है। ऐसे ही भावना से शिवपुराण के 1 मंत्र के साथ ज्योर्तिलिंग महाकालेश्वर का हर रोज विशेष मंत्र से ध्यान मात्र ही, न केवल बड़ा ही संकटमोचक व मंगलकारी माना गया है बल्कि सारे ग्रह दोष दूर कर गृह दशा सुधारने वाला भी। हर दिन के अलावा शिव भक्ति के खास दिनों जैसे सावन सोमवार, प्रदोष या चतुर्दशी तिथि में तो इन आसान व अचूक शिव मंत्रों का स्मरण, खास तौर पर उज्जैन स्थित श्रीमहाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग के सामने या संभव न होने पर किसी भी ज्योर्तिलिंग या उनकी तस्वीर के सामने भी बोलें तो यह पलों में दु:ख, दरिद्रता, यहां तक कि काल का साया भी दूर करने वाला माना गया है। घर या मंदिर में पूजा करने पर सफेद वस्त्र पहन गाय के दूध मिले पवित्र जल में अक्षत, तिल व सफेद चंदन मिलाकर यहां बताए महाकालेश्वर मंत्र बोलते हुए शिवलिंग पर जलधारा अर्पित करें। साथ ही श्रीमहाकालेश्वर या किसी भी ज्योर्तिलिंग की तस्वीर पर चंदन, बिल्वपत्र, फूल, जनेऊ चढ़ाएं। दूध या मावे की मिठाई का भोग लगाकर शिव की धूप, दीप, कर्पूर आरती कर कष्टों से छुटकारे या संकटमुक्त जीवन की कामना करें-
श्रीमहाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग स्मरण मंत्र -
"अवन्तिकायां विहितावतारम् मुक्तिप्रदानाय च सज्जनानाम।
अकालमृत्यो: परिरक्षणार्थं वन्दे महाकालमहं सुरेशम्।।
- शिवलिंग पर चढ़ाए जल को चरणामृत रूप में ग्रहण करें व शिवपुराण के इस मंत्र का रुद्राक्ष की माला से यथाशक्ति जप भी मनोरथसिद्धि करने वाला होता है।
शिवपुराण का शिव मंत्र- " ॐ नम: शिवाय शुभं शुभं कुरु कुरु शिवाय नम: ॐ"

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।