बिहार में फिलहाल टला बाढ का खतरा.... कोसी में बढते जल स्तर पर लगी लगाम....
(BIHAR, India) नेपाल में भूस्खलन के बाद बनी कृत्रिम झील से पानी के नियंत्रित बहाव के कारण कोसी क्षेत्र में बाढ़ का खतरा लगभग टल गया है। राज्य सरकार ने मंगलवार को बाढ़ की सर्वाधिक आशंका वाले तीन जिलों सुपौल, सहरसा और मधेपुरा में भी लोगों को निकालने की कार्रवाई रोक दी। इन जिलों के शिविरों में रह रहे लोगों को अपने घरों को लौटने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने बताया कि एक अनुमान के मुताबिक फिलहाल कृत्रिम झील में दस मिलियन क्यूबिक मीटर पानी जमा है, जिसकी गहराई करीब 40 मीटर है। वीरपुर बराज पर 1.15 लाख क्यूसेक पानी का बहाव हो रहा है। लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट रखा गया है। साथ ही शिविरों में पूरी तैयारी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। प्रधान सचिव ने बताया कि शिविरों से लौटने वाले लोगों को बताया जा रहा है कि फिलहाल खतरा कम हुआ है, खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि दरभंगा, मधुबनी, खगडिया और भागलपुर के अलावा पूर्णिया और अररिया के राहत शिविरों को सोमवार को ही बंद कर दिया गया था। हालांकि सुपौल, सहरसा और मधेपुरा में चल रहे 93 कैंप अभी चलते रहेंगे। सुपौल और सहरसा जिलों से एक लाख 14 हजार लोगों को निकाला गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।