राजस्थान में जारी है बारिश का दौर
(India)

जाते सावन में मानसून राजस्थान में जमकर मेहरबान हो रहा है। राजस्थान के भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक और बारां में तेज बारिश से बाढ़ के हालात बने हुए हैं और प्रशासन राहत कार्यो में जुटा है। जयपुर में शुक्रवार रात से मूसलाधार बारिश का दौर चला। तो कोटा में हो रही तेज बारिश के बाद कोटा बैराज में पानी की आवक जारी है। शहर में छाई घनघोर घटाओं के साथ बारिश की फुहारों ने पूरे शहर को जमकर भिगोया। कोटा बैराज में पानी की भारी आवक के कारण बैराज के तीन गेट 14 फीट ऊंचाई तक खोलकर 21 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिसके बाद चंबल नदी में पानी खतरे के निशान से करीब सात फीट ऊंचाई पर बह रहा है। दूसरी ओर बीसलपुर बांध का जलस्तर 44 सेमी बढ़कर 313 आरएल मीटर पर पहुंच गया है। वहीं इस दौरान पाली के जैतारण में सर्वाधिक चार इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। देसूरी में 92, पाली में 87, ब्यावर में 86 , राजसंमद के आमेट में 86, मारवाड़ जंक्शन में 70, भीलवाड़ा के करेड़ा में 70 मिमी बारिश मापी गई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।