स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने किया महत्वाकांक्षी भामाशाह योजना का शुभारंभ,
(Dhariawad, Udaipur) स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उदयपुर में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपनी महत्वाकांक्षी भामाशाह योजना की भी शुरूआत की। इस योजना का लक्ष्य विभिन्न सरकारी योजनाओं के पारदर्शी वितरण और महिलाओं को मजबूती देना है। योजना के तहत सरकार महिलाओं के नाम पर खाते खुलवाएगी और पैसा सीधे उनके खातों में जमा किया जाएगा। प्रदेश मंत्रिमंडल गुरूवार से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत उदयपुर संभाग के दौरे पर रहेगा। मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय परिसर में सीएम ने भामाशाह योजना का शुभारम्भ किया। योजना शुरू होने के बाद पूरे प्रदेश में भामाशाह कार्ड बंाटे जाएंगे और ये प्रक्रिया अक्टूबर तक चलेगी। जिसके बाद बैंक में खाता खोला जाएगा। इसका उपयोग सामाजिक कल्याण की योजनाओं के प्रसार के साथ ही आधिकारिक पहचान के रूप में भी होगा। ये यूपीए सरकार की आधार योजना और प्रत्यक्ष लाभ हस्तातंरण का मिला जुला रूप होगा और इसका आधार परिवारों पर होगा। इस योजना से 1.5 करोड़ महिलाओं को लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि राजे सरकार के पूर्ववर्ती कार्यकाल में भी ये योजना शुरू की गई थी। लेकिन बाद में गहलोत सरकार ने इसे बंद कर दिया था। भामाशाह कार्ड योजना के तहत मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड और जननी सुरक्षा, इंदिरा आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, जनश्री बीमा योजना, राजस्थान सामाजिक सुरक्षा योजना और छात्रवृत्ति योजनाओं को शामिल किया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।