गुर्जर आरक्षण को लेकर गुर्जर समाज की महापंचायत, बैंसला ने सरकार को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम
(Bayana, Bharatpur) गुर्जरों की आरक्षण की मांग को लेकर लगी आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। कई दिनों की चुप्पी के बाद एक बार फिर गुर्जरों ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए आंदोलन की पुनरावृति होने की चेतावनी दी है। भरतपुर के नगलातुला में रविवार को हुई गुर्जरों की महापंचायत में कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने सरकार को चेतावनी दी और कहा कि यदि 15 दिनों में गुर्जरों को आरक्षण नहीं दिया गया तो आंदोलन की पुनरावृति होगी। कर्नल बैंसला ने कहा कि गुर्जर लंबे समय से विशेष पिछड़ा वर्ग में आरक्षण की मंाग करते आ रहे हैं और आंदोलन भी किया। जिसमें कई गुर्जर पुलिस की गोलियों से मारे गए। लेकिन राज्य सरकार ने आज तक उन्हें आरक्षण नहीं दिया है। कर्नल ने महापंचायत में कहा कि गुर्जर समाज शांति पूर्वक आंदोलन चाहता है गुर्जर समाज पिछले आंदोलन की पुनरावृति नहीं करना चाहता है। अगर 15 दिन बाद सरकार आरक्षण पर विचार नहीं करती है तो हिंडौन के जगरौटी में महापंचायत बुलाई जाएगी, जिसमें आरक्षण को लेकर रूप रेेखा तैयार की जाएगी और उसी महापंचायत का निर्णय भी अंतिम निर्णय होगा। महापंचायत में राजस्थान के साथ यूपी और हरियाणा के भी गुर्जरों ने भाग लिया। दूसरी ओर महापंचायत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चैबंद रही और नगलातुला में सुरक्षा व्यवस्था के कडे़ प्रबंध किए गए। पुलिस की दस कंपनियों ने चप्पे चप्पे पर नजर रखकर पूरे हालात पर नजर बनाए रखी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।