आधी रात को तबादला आदेश; महाराष्ट्र के राज्यपाल शंकरनारायणन मिजोरम जाएं
(MAHARASHTRA, India) आधी रात के बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि 82 वर्षीय शंकरनारायणन को मिजोरम स्थानांतरित कर दिया गया है। गुजरात के राज्यपाल ओ.पी. कोहली उनके स्थान पर कार्यभार संभालेंगे। शंकरनारायणन मिजोरम के राज्यपाल का पदभार संभालेंगे जो कि कमला बेनीवाल की बर्खास्तगी के बाद खाली हुआ था। कमला बेनीवाल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लंबा विवाद रहा था जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। के शंकरनारायण इससे पहले नागालैंड के राज्यपाल और केरल में मंत्री के पद पर काम कर चुके हैं। कुछ दिन पहले उत्तराखंड के राज्यपाल अज़ीज़ कुरैशी ने केंद्र सरकार के उन पर इस्तीफे के लिए दबाव देने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था और सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को अपनी बात रखने के लिए नोटिस जारी किया था। सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने यूपीए के सात राज्यपालों पर इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाया था और उनमें से कई ने अपने पद से त्यागपत्र दे भी दिया था। इससे पहले 2004 में जब मनमोहन सरकार सत्ता में आई थी तो उसने भी एनडीए सरकार के चार राज्यपालों को बर्खास्त कर दिया था।
मिजोरम के राज्यपाल का पद शंकरनारायणन ऐसे समय में संभालने जा रहे हैं जब यह पद हाल ही में कमला बेनीवाल को बर्खास्त किए जाने के बाद रिक्त हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब कमला बेनीवाल के साथ उनका लंबा विवाद चला था। 87 वर्षीय बेनीवाल को उनका कार्यकाल समाप्त होने से केवल दो माह पहले हटाया गया। इससे पहले जून में यह खबरें आईं कि संप्रग सरकार के कार्यकाल के दौरान नियुक्त किए गए कुछ राज्यपाल खुद को पद से हटाए जाने के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं। तब शंकरनारायणन ने कहा था कि अगर समुचित प्राधिकारी उन्हें पद से हटने के लिए कहेंगे तो वह इस पर विचार करेंगे। उन्होंने कहा था, ‘लोकतंत्र में कोई भी पद स्थायी नहीं है। अगर समुचित प्राधिकार वाला व्यक्ति मुझे पद छोड़ने के लिए कहता है तो निश्चित रूप से मैं उस पर विचार करूंगा।’ शंकरनारायणन 22 जनवरी 2010 को महाराष्ट्र के राज्यपाल बनाए गए थे। राष्ट्रपति द्वारा 5 साल का कार्यकाल विस्तार दिए जाने के बाद उन्होंने 7 मई 2012 को दोबारा महाराष्ट्र के राज्यपाल पद की शपथ ली।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।