(Athmalgola, Patna)
बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं इलाके में बीती देर रात एक बेकाबू ट्रक ने झुग्गी के बाहर सो रहे छह लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में पांच की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। दरअसल ये लोग एक सरकारी निर्माणाधीन इमारत के पास बनी झुग्गियों के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान लोहे से लदे ट्रक ने इन्हें कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक का ड्राइवर नशे में था और उसने ट्रक को रिवर्स करते हुए लोगों को रौंद दिया। पुलिस के अनुसार लोहे की छड़ से लदा ट्रक बायपास की तरफ से आ रहा था और गांधी नगर में टीवी टावर के पास सड़क किनारे मैदान में सो रहे लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक के परिचालक मनीष को पकड़कर बुरी तरह पीटा। वही चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने मौके पर हंगामा भी कर दिया और शव नहीं उठाने दिए। घटना की सूचना मिलने के बाद पत्रकार नगर, जक्कनपुर, अगमकुआं और कंकड़बाग थाने की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझाईश कर लोगों को शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। पुलिस के अनुसार मृतकों में दस वर्षीय मंगल, दस वर्षीय धर्मेंद्र, 15 वर्षीय जीतेंद्र, 22 वर्षीय सूरज और 18 वर्षीय मिठ्ठु शामिल है। जो नजदीक स्थित झींगा बस्ती के थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि नेशनल बिल्डिंग कॉरपोरेशन का सामग्री लेकर आए ट्रक का ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया। लेकिन लोगों ने ट्रक के मुंशी को पकड़ लिया। जिसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।