अदालत ने पटना को देश की सबसे गंदी राजधानी बताया
(Athmalgola, Patna) न्यायमूर्ति वी एन सिन्हा और न्यायमूर्ति पी के झा की खंडपीठ ने एक मामले पर सुनवाई के दौरान अपनी मौखिक टिप्पणी में कल कहा कि पटना किसी भी तरह से राजधानी नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी राजधानी में इतनी धूल एवं गंदगी नहीं है। इसे देखकर क्या सरकारी अधिकारी लज्जा महसूस नहीं करते। खंडपीठ ने पटना शहर में हर साल होने वाली जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलाने की दिशा में राज्य के अधिकारियों और नगर निगम के पद धारकों से ठोस कार्रवाई करने का आदेश दिया। खंडपीठ मानसून के दौरान अगस्त महीने के मध्य में पटना में लगातार दो-तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद यहां उत्पन्न जलजमाव को लेकर दायर विभिन्न याचिकाओं की सुनवाई करते हुए उक्त टिप्पणी की है। उल्लेखनीय है कि पटना में जारी जल जमाव की समस्या को लेकर पटना उच्च न्यायलय के तलब किए जाने पर गत 20 अगस्त को मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने खंडपीठ के समक्ष पेश होकर उन्हें आश्वस्त किया था कि अधिक बारिश नहीं होने की स्थिति में अगले 48 घंटे के भीतर जल निकासी कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद भी शहर को जलजमाव से पूरी तरह छुटकारा नहीं मिल पाया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।