यूपी उपचुनाव : 21 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमे
(Lucknow, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश इलेक्शन वाच और एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म्‍स (एडीआर) की ओर से उम्मीदवारों के शपथपत्रों के विश्लेषण में यह तथ्य सामने आये हैं। उत्तर प्रदेश इलेक्शन वाच और एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म्‍स (एडीआर) द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 11 सीटों पर आगामी 13 सितम्बर को होने वाले उपचुनाव में किस्मत आजमा रहे 118 उम्मीदवारों के शपथपत्रों का विश्लेषण किया गया जिसमें पाया गया कि 25 प्रत्याशी ने खुद पर आपराधिक मामले दर्ज होना बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक 14 उम्मीदवारों पर हत्या, हत्या का प्रयास तथा अपहरण के मामले दर्ज हैं। दल वार देखें तो सपा ने 11 में से छह, कांग्रेस ने 11 में से पांच और भाजपा ने 10 में से तीन ऐसे प्रत्याशियों को टिकट दिए हैं जिन पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा 44 निर्दलीय में से आठ उम्मीदवारों ने खुद पर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। वित्तीय पृष्ठभूमि के लिहाज से देखें तो 118 में से 36 (31 प्रतिशत) उम्मीदवार करोड़पति हैं। सपा के 11 में से नौ, कांग्रेस के 11 में से सात तथा भाजपा के 10 में से सात प्रत्याशी करोड़पति हैं। हालांकि सम्पत्ति के लिहाज से लखनऊ पूर्वी से निर्दलीय प्रत्याशी शिवपाल सिंह सबसे अमीर हैं। उनके पास 28 करोड़ 84 लाख 44 हजार 894 रुपये की सम्पत्ति है। रिपोर्ट के मुताबिक 61 उम्मीदवारों (52 प्रतिशत) ने अपना आयकर विवरण घोषित नहीं किया है। इनमें सात करोड़पति प्रत्याशी भी शामिल हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।