(UTTARPRADESH, India)
उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक हिंसा के बढ़ते मामलों के लिए उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुये केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने सोमवार को कहा कि सपा नेताओं ने जेलों से बड़ी संख्या में एक विशेष वर्ग के अपराधियों को छोड़ा है और यही सूबे का माहौल बिगाड़ने के जिम्मेदार है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश में हो रहे उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को काफी सफलता मिलेगी। आज हमीरपुर जाते हुये कानपुर में पत्रकारों से बातचीत में केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उपक्रम मंत्री कलराज मिश्र ने प्रदेश में बढ़ रहे सांप्रदायिक दंगों के लिये समाजवादी पार्टी सरकार पर तीखे प्रहार किये। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक जितने भी सांप्रदायिक दंगे हुये हैं उनके पीछे समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं का हाथ है क्योंकि सपा उन अपराधियों को संरक्षण दे रही है जिन्हें उसने प्रदेश में सरकार बनवाने के बाद छुड़वाया है यह एक विशेष वर्ग के लोग है और यह दंगा फैलाने का काम कर रहे है। यही लोग प्रदेश में सांप्रदायिक हिंसा बढा रहे है और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे है। उनसे जब लव जिहाद पर मचे बवाल के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने उल्टा पत्रकारों से ही पूछ लिया कि आप बतायें लव जिहाद का क्या मतलब है। मुझे इसका मतलब नही मालूम है इस लिये मैं इस सवाल का जवाब नही दूंगा। एक सवाल के जवाब में केन्द्रीय मंत्री मिश्रा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में हो रहे उप चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को अच्छी कामयाबी मिलेंगी क्योंकि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार से उब गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।