(Buhana, Jhunjhunun)
जनता ने जो विश्वास जताया है। उस पर हम खरा उतरेंगे। जनता की पीड़ा हमारी पीड़ा है। हर समस्या का समाधान करने का प्रयास होगा। पानी सप्लाई की समस्या जल्द दूर की जाएगी। साथ ही क्षेत्र के अस्पतालों की हालत में भी सुधार होगा। ये मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने नसीराबाद में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। मिशन ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी सरिता गैना के समर्थन में वोट मांगते हुए वसुंधरा राजे ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों का हिसाब मांगने वाली कांग्रेस अपने पिछले 52 साल का हिसाब जनता के सामने दें। उसके बाद वे उनसे पिछले 10 महीनों का हिसाब मांगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी पार्टी कांग्रेस उन पर निशुल्क दवा योजना और पेंशन योजना बंद करने का आरोप लगा रही है। लेकिन उन्होंने किसी योजना को बंद नहीं किया है। ना ही रोडवेज को बंद किया गया है। मुख्यमंत्री राजे ने राशन की दुकानों का आधुनिकीकरण करने के साथ ही प्रदेश में 15 लाख युवाओं को रोजगार देने के लिए आजीविका मिशन के जरिये स्किल डवलपमेंट करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतार दिया था। जिसे पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व सीएम अशोक गहलोत आज झुंझुनूं के दौरे पर रहे। उन्होंने बुहाना में आयोजित उप चुनावों की सभा से पहले झुंझुनूं में पत्रकारों से बातचीत की। हालांकि इससे पहले उनका नवलगढ़, मुकुंदगढ़, झुंझुनूं, बगड़ और चिड़ावा में जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर गहलोत पूरे जोश में नजर आए और सीएम को लेकर काफी बयान दिए। वहीं, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सीएम वसुंधरा राजे सरकार की अब तक के कार्यकाल पर बोलते हुए कहा कि सरकार को भारी बहुमत की खुमारी चढ़ गई हैं। यदि जनता चारों सीटों पर कांग्रेस को जिताती है तो ना केवल भाजपा और सरकार की खुमारी उतरेगी। बल्कि रूका हुआ विकास भी शुरू होगा। उन्होंने कहा कि चारों विधानसभा सीटों के मतदाता ही नहीं बल्कि प्रदेश की जनता चाहती है कि इस बीजेपी सरकार की खुमारी उतरे और जो सरकार काम काज करना शुरू करें। उन्होंने राजे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अपने भाषणों में राजे कह रही है कि वे कोई भी योजना बंद नहीं कर रही हैं। लेकिन यह झूठ हैं। स्कूलों को बंद कर दिया है और सफेद झूठ बोलकर फिर जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा हैं। सभी कल्याणकारी योजनाओं को तहस नहस कर दिया गया हैं। बहरहाल, पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी पूरे जोश और खरोश में दिखाई दिए। झुंझुनूं पहुंचने पर गहलोत का कांग्रेस नेता एमडी चैपदार और रियाज फारूकी के नेतृत्व में स्वागत हुआ। वहीं कांग्रेस कोषाध्यक्ष महेश चाहर के नेतृत्व में भी गहलोत का स्वागत किया गया। आपको बता दें कि सीएम गहलोत के अलावा प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट और अन्य कांग्रेस नेता आज बुहाना में सूरजगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी श्रवणकुमार के समर्थन में आयोजित विशाल परिवर्तन रैली में हिस्सा लेने आए हुए थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।