अब ललित मोदी ने राहुल और वाड्रा को लपेटा
(India)
आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने ट्वीट के जरिए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। ललित मोदी ने ट्वीट कर पूछा है, ‘राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा से मेरा सवाल है कि क्या आप कभी मेरे मेहमान बने हैं-और क्या आपने कांग्रेस को इसकी जानकारी दी थी?’ इसके तुरंत बाद भेजे गए दूसरे ट्वीट में ललित ने लिखा, ‘इंतजार कीजिए ताकि राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा मेरे सवाल का जवाब दे सकें।’ इन ट्वीट्स के साथ ललित ने चार फोटो भी ट्वीट की हैं, जिनमें आईपीएल मैच के दौरान उनके साथ राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा स्टेडियम में बैठे दिख रहे हैं। ललित मोदी ने इस मुद्दे पर ट्वीट्स का सिलसिला जारी रखा है। बाद में भेजे गए एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि राहुल गांधी के दफ्तर ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को यह जानकारी दी होगी कि वे मेरी मेहमाननवाजी का फायदा उठा चुके हैं। वे मेरे साथ मेरे बॉक्स (आईपीएल मैच के दौरान स्टेडिय में खास लोगों के लिए बैठने के लिए तय जगह) में बैठे थे।’ ललित मोदी के ट्वीट के जवाब में अरुण चैहान नाम के यूजर ने ट्वीट किया, ‘ललित मोदी आप यह बताना भूल गए कि इसके (बॉक्स के लिए) लिए पैसे डीएलएफ ने चुकाए थे, आपने नहीं।’ तो जवाब में ललित ने ट्विटर पर लिखा, ‘माफ करना, ऐसा नहीं है। मेरे बॉक्स में सिर्फ मेरा विशेषाधिकार। स्पॉन्सर्स के लिए अलग बॉक्स होता है। आखिर में ललित मोदी ने एक ट्वीट को रिट्वीट किया, जिसमें लिखा था कि अगर कांग्रेस बीजेपी पर आरोप लगाती है तो उन्होंने भी वही किया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।