मोदी और शरीफ के बीच दूर से ‘दुआ-सलाम’
(India)
द्विपक्षीय संबंधों में ठहराव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के उनके समकक्ष नवाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा शिखर सम्मेलन में सामना होने पर हाथ हिलाकर एक दूसरे का अभिवादन किया। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से बुलाये गए इस शिखर सम्मेलन में पहले मोदी सम्मेलन कक्ष में गए। उससे कुछ मिनट बाद शरीफ आए और उन्होंने मोदी को देखकर हाथ हिलाया। भारतीय प्रधानमंत्री ने जवाब में हाथ हिलाया और मुस्कुराए। इसके बाद कुछ क्षण ठहराव सा रहा और मोदी ने दोबारा शरीफ को देखकर हाथ हिलाया और फिर शरीफ ने भी ऐसा ही किया और मुस्कुराए। संयुक्त राष्ट्र शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने न्यूयार्क आए दोनों नेताओं का आज पहली बार आमना सामना हुआ। दोनों नेता सम्मेलन कक्ष में घोड़े के नाल की आकृति वाली मेज पर आमने सामने थे। मेज पर मोदी की तरफ वाले हिस्से में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून, जापानी नेता प्रधानमंत्री शिंजो अबे और फ्रांस एवं इंडोनेशिया के अन्य नेता उनके पास बैठे हुए थे। शरीफ के पास अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और रवांडा एवं इथियोपिया के नेता बैठे हुए थे। दोनों नेताओं ने हाथ हिलाकर एक दूसरे का अभिवादन करने के अलावा आपस में और किसी प्रकार की बातचीत नहीं की। दोनों नेता शिखर सम्मेलन शुरू होने से कुछ ही मिनट पहले सम्मेलन कक्ष में पहुंचे थे, इसलिए वे कक्ष में प्रवेश करने के बाद अपनी सीटों पर बैठे और उन्होंने कक्ष में घूमकर वहां मौजूद किसी अन्य नेता से मुलाकात नहीं की या किसी का अभिवादन नहीं किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।