दादरी में पीड़ित परिवार के घर लगा नेताओं का तांता
(India)

उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में हाल ही में गोमांस खाने की अफवाह में भीड़ द्वारा एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने आज दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि चार लोग अभी भी फरार हैं। इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पीड़ित परिवार से मिलने के लिए दादरी पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किरण एस ने बताया कि इस मामले में नामजद विशाल और शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस छह आरोपियों भूपेंद्र, विवेक, श्रीओम, संदीप, सौरव और गौरव को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में नामजद किये गये चार अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। गौरतलब है कि 30 सितंबर को मोहम्मद अखलाक की हत्या भीड़ ने बीफ खाने का आरोप लगाते हुए कर दी थी और उनके बेटे को भी मार-मार कर अधमरा कर दिया था। इससे पहले आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए आखिरकार अखलाक का परिवार तैयार हो गया। केजरीवाल के साथ आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास और अशुतोष भी थे। अरविंद केजरीवाल ने अखलाक की मां असगरी से मुलाकात कर पूरी बात सुनी और सांत्वना दी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।