गौमांस खाने से जुड़ी अफवाहों के बाद उत्तरप्रदेश के दादरी जिले में भीड़ द्वारा एक आदमी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के सिलसिले में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि देश में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, न्यूज एजेंसी के हवाले से खबर है कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दादरी की घटना के बारे में चिंता जताते हुए कहा, ष्हम भारत की सभ्यता के मूल मूल्यों को यूं ही खत्म नहीं होने दे सकते। यहां एक समारोह से इतर राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा, चाहे राज्य सरकार हो या केंद्र सरकार, देश में सांप्रदायिक सदभाव तोड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गृहमंत्री दादरी में व्याप्त तनाव से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे। दादरी में गौमांस खाने के आरोप के चलते एक मुस्लिम व्यक्ति की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। बिसाहड़ा गांव में रहने वाले अखलाक पर भीड़ ने उस समय हमला किया था, जब पास के एक मंदिर से की गई सार्वजनिक घोषणा में कहा गया था कि परिवार ने बीते सोमवार की रात को एक बछड़े का वध कर उसके मांस का सेवन किया था। सिंह ने पीट-पीटकर हत्या करने के इस मामले को कल दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया था और लोगों से सांप्रदायिक सदभाव बनाए रखने की अपील की थी। सिंह ने कहा था, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। मैं हर नागरिक से सांप्रदायिक सदभाव बनाए रखने की अपील करता हूं, जो कि सभी की जिम्मेदारी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।