बिहार विधानसभा चुनाव का शुक्रवार को दूसरा चरण बीता है, लेकिन अब तक राज्य में जो कालाधन जब्त हुआ है, वह लोकसभा चुनाव-2014 में जब्त हुए कुल कालाधन से तीन गुना अधिक है, जबकि राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव में जो कालाधन जब्त हुआ था, उससे इस बार का आंकड़ा 12 गुना अधिक है। लोकसभा चुनाव में विभिन्न एजेंसियों ने करीब 6 करोड़ जब्त किए थे, जबकि इस बार विधानसभा चुनाव में कालाधन के तौर पर इस्तेमाल होने जा रहा 17.24 करोड़ भारतीय रुपया जब्त किया जा चुका है। वहीं, 1.27 करोड़ की विदेशी मुद्रा और 16.76 लाख नकली भारतीय रुपया भी जब्त हुआ है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 67.28 लाख नेपाली रुपया और 60.30 लाख की अन्य देशों की मुद्रा जब्त की गई है। चुनाव के दौरान इतनी बड़ी मात्रा में कालाधन पकड़े जाने पर खुद एजेंसी के अधिकारी हैरत में हैं। आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक पिछले विधानसभा चुनाव में करीब सवा करोड़ रुपया जब्त किया गया था। इस बार पुलिस और आयकर विभाग की कार्रवाई में 17.24 करोड़ रुपया जब्त किया है। इसमें 7.35 लाख 15 अक्तूबर को और शेष उससे पहले जब्त किया है। वहीं, विभिन्न एजेंसियों ने 76,606 लीटर शराब, 837.91 किलो गांजा, 9,132 किलो महुआ और 336 ग्राम हेरोइन व अफीम जब्त की है। इसके अलावा 8,248 किलो सोना और आभूषण भी पकड़ा गया है। राज्य आबकारी विभाग ने करीब एक करोड़ की शराब और 2.37 करोड़ का महुआ जब्त किया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।