हरियाणा के फरीदाबाद के पास सुनपेड़ गांव में मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने एक दलित के घर में आग लगा दी। घटना में बुरी तरह झुलसे दो बच्चों ने दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। इन बच्चों के माता-पिता की हालत गंभीर बताई गई है। गांव में तनाव है। वहां पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गांव के दबंगों पर पुरानी दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बात की। जानकारी के मुताबिक, राजनाथ ने सीएम से कहा है कि पीड़ित परिवार को पूरी तरह से सिक्युरिटी दी जाए। गृहमंत्रालय ने राज्य सरकार से रिपोर्ट भी मांगी है। सुनपेड़ गांव फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में आता है। यहां दलित समुदाय के जितेंद्र की फैमिली भी रहती है। मंगलवार सुबह करीब चार बजे जब यह फैमिली सो रही थी। तभी कुछ लोगों ने घर में आग लगा दी। हमलावरों ने मेन गेट पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई, इसके बाद खिड़की के अंदर से पेट्रोल कमरे में फेंका। चीखने की आवाज सुनकर लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन वे भाग नहीं पाए। घटना में जितेंद्र का पांच साल का बेटा और एक साल की बेटी बुरी तरह झुलस गए। उन्हें दिल्ली ले जाया गया। वहां सफदरजंग अस्पताल में दोनों बच्चों की मौत हो गई। जितेंद्र और उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची हुई है, जांच जारी है घटना की खबर मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर भेजा गया। खबर लिखे जाने तक गांव में तनाव बना हुआ था। पुलिस के मुताबिक, गांव के कुछ दबंगों और दलितों के बीच पुरानी रंजिश है। पिछले साल 5 अक्टूबर को गांव के दूसरे समुदाय के 3 लोगों की हत्या हुई थी। इसका आरोप दलित समुदाय पर लगा था। एक साल से गांव में पुलिस तैनात थी। मंगलवार को हुई घटना को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की राहत देने का एलान किया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।