उधमपुर जिले के रामनगर इलाके में आज एक तेज रफ्तार मिनी बस के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हुए। सरकार ने हादसे में मरने वालों के परिजन को एक एक लाख और घायलों को दस दस हजार रूपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। उधमपुर के उपायुक्त शाहिद इकबाल चैधरी ने बताया, ‘आज सवेरे 8 बजकर 20 मिनट पर रामनगर के निकट दालसर में एक मैटाडोर गहरे खड्ड में गिर गई, जिससे उसमें सवार 14 लोगों की मृत्यु हो गई और 17 अन्य घायल हुए, जिनमें से 7 की हालत गंभीर है।’ उन्होंने कहा, ‘24 सीट वाले मैटाडोर में ड्राइवर और कंडक्टर सहित 31 लोग सवार थे। वाहन कथित रूप से तेज रफ्तार से चल रहा था, जिसकी वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा।’ उपायुक्त ने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि वाहन का चालक अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था, जब वह तेज रफ्तार वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। इस दौरान वह ज्यादा सवारियां लेने के लिए एक अन्य वाहन से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।