पुलिस के पास हार्दिक पटेल के खिलाफ ‘पुख्ता’ सबूत
(India)

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 18 अक्टूबर को राजकोट में खेले गए एकदिवसीय मैच से एक दिन पहले पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल अशांति फैलाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अपने सहयोगियों को खाली बोतलें फोड़ने और टायरों को आग लगाकर सभी हाईवे ठप करने को कहा था। हार्दिक पटेल के खिलाफ पुलिस ने जो एफआईआर दर्ज की है, उसमें उनकी फोन पर हुई बातचीत का ब्योरा भी है। इसमें वह अपने सहयोगियों को तोड़-फोड़ और आगजनी के लिए उकसा रहे हैं। पुलिस ने करीब 40 कॉल इंटरसेप्ट किए हैं, जिनका टेप जारी किया गया है। हार्दिक पटेल और उनके सहयोगियों के बीच ज्यादातर बातचीत गुजराती में हुई है। इसमें ट्रेनों में आग लगाने की कोशिश से लेकर बड़े पैमाने पर अशांति फैलाने की बात किए जाने का सिलसिलेवार जिक्र है। एक कॉल में हार्दिक अपने साथियों से कह रहे हैं कि अगर हमें शिवाजी, भगत सिंह और सरदार पटेल जैसा बनना है, तो हममें विधानसभा में बम रखने की हिम्मत भी होनी चाहिए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।