केरल सरकार ने आज दिल्ली के केरल भवन में गोमांस करी परोसे जाने के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा बिना अनुमति प्रवेश किए जाने को लेकर पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई गई है। सोमवार को किसी ने पुलिस को कॉल करके शिकायत की थी कि केरल भवन की कैंटीन की खाद्य सूची में गोमांस का जिक्र है। इस घटना के बाद यह शिकायत दर्ज कराई गई है। केरल के मुख्य सचिव जिजि थॉमसन ने केरल भवन में गोमांस परोसे जाने की बात से इंकार किया और कहा कि वह घटना के संबंध में दर्ज कराई गई शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने का इंतजार करेंगे। थॉमसन ने पत्रकारों से कहा, मैं इस बात से पूरी तरह इंकार करता हूं कि यहां गोमांस (केरल भवन) परोसा जाता है। केवल भैंस का मांस ही यहां परोसा जाता है। हालांकि कल की घटना के बाद केरल भवन से अस्थायी रूप से भैंस के मांस को खाद्य सूची से हटा लिया गया है। थॉमसन ने कहा कि केरल भवन के रेजिडेंट कमिश्नर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है और हम पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा, मुझे बताया गया है कि कल कुछ लोग केरल भवन में जबरदस्ती घुस आए और पुलिस भी आई। इसके बाद रेजिडेंट कमिश्नर ने इस संबंध में पुलिस उपायुक्त को शिकायत दर्ज कराई और अब हम पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करेंगे। कल किसी ने पुलिस पीसीआर को कॉल करके बताया था कि यहां जंतर-मंतर स्थित केरल भवन में गोमांस परोसा जा रहा है। उसके बाद पुलिस की एक टीम को वहां भेजा गया था ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।