तुर्की में आईएस आतंकी ने विस्फोट से खुद को उड़ाया
(India)
सीरिया की सीमा के नजदीक दक्षिणी तुर्की में पुलिस की छापेमारी के दौरान इस्लामिक स्टेट के एक आतंकवादी ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया जिससे चार अधिकारी घायल हो गए। एक अधिकारी की हालत गंभीर बताई जाती है। दोगान समाचार एजेंसी की खबर के अनुसार पुलिस ने जब कल देर रात गाजियानतेप शहर में एक अपार्टमेंट इमारत पर छापा मारा तो आतंकवादी ने अपने शरीर पर बंधे विस्फोटक में विस्फोट कर दिया। इसने कहा कि छापेमारी अंकारा में 10 अक्तूबर को एक शांति रैली में 102 लोगों की जान लेने वाले दोहरे आत्मघाती बम विस्फोट की जांच के संबंध में की गई। ताजा हमला ऐसे समय हुआ है जब विश्व नेता अंतालिया शहर में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए एकत्र हुए हैं जहां पेरिस आतंकी हमलों के मद्देनजर आतंकवाद के खिलाफ युद्ध चर्चा का बड़ा विषय होगा। कल सेना ने कार से जा रहे आईएस के चार संदिग्ध आतंकवादियों को उस समय गोली से उड़ा दिया था जब वे गाजियानतेप में सेना की एक जांच चैकी से गुजर रहे थे। सरकार संचालित अनातोलिया समाचार एजेंसी ने खबर दी कि इसके अतिरिक्त कल, पुलिस ने अंकारा में आईएस के सात संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।