पांचवीं बार बिहार के सीएम बने नीतीश कुमार
(India)
जनता दल (यूनाइटेड) नेता नीतीश कुमार ने आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। नीतीश पांचवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में नीतीश कुमार को दोपहर दो बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता लालू प्रसाद के दो पुत्रों तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को भी मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद, जद(यू) अध्यक्ष शरद यादव सहित कई राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को 243 सदस्यीय सदन में 178 सीटें प्राप्त हुई थी। राजद को 80, जद (यू) को 71 और कांग्रेस को 27 सीटें मिली हैं। नीतीश कुमार ने पांचवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री की कमान संभाली है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।