नीतीश कुमार से मिले बिल गेट्स
(India)
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने शनिवार को पटना पहुंच कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद गेट्स और नीतीश की यह पहली मुलाकात है। मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि नीतीश और गेट्स की मुलाकात करीब 30 मिनट तक चली और इस दौरान उनके बीच स्वास्थ्य और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में कई कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा हुई। अधिकारी ने बताया कि गेट्स ने नीतीश सरकार की स्वास्थ्य, शिक्षा और मानव विकास से जुड़ी योजनाओं पर कार्यों के लिए तारीफ की। उन्होंने तमाम विकास योजनाओं में हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। उल्लेखनीय है कि बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के तहत बिहार में भी कई कल्याणकारी योजनाएं पहले से ही चल रही हैं। बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, प्रसव और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बिहार में काम कर रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।