केजरीवाल के दफ्तर में सीबीआई का छापा
(India) दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दफ्तर में सीबीआई ने छापा मारा है और उनका दफ्तर सील कर दिया है। हालांकि सीबीआई ने कहा है कि उसने केजरीवाल के दफ्तर पर नहीं, बल्कि उनके प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के दफ्तर पर छापा मारा है। सूत्रों के अनुसार, प्रधान सचिव एस पी सिंह मामले में जांच के लिए सीबीआई की टीम मंगलवार सुबह दिल्ली सचिवालय पहुंची। सचिवालय की तीसरी मंजिल पर केजरीवाल का दफ्तर है। केजरीवाल अपने दफ्तर पहुंच चुके हैं लेकिन सीबीआई अभी किसी को अंदर आने की इजाजत नहीं दे रही है। सीएम केजरीवाल ने मंगलवार सुबह ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब पीएम नरेंद्र मोदी उनको राजनीतिक तौर पर नियंत्रित नहीं कर सके तो उन्होंने ऐसी कायराना हरकत की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कायर और मनोरोगी हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सीबीआई ने केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के दफ्तर और उनके घर पर छापा मारा है, न कि केजरीवाल के दफ्तर पर। वहीं, केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि सीबीआई पर केंद्र सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। वह एक स्वतंत्र एजेंसी है और इस छापे से केंद्र का कोई लेना देना नहीं है।गौरतलब है कि सीबीआई ने एस पी सिंह को 2.2 लाख की रिश्वत की मांग करने पर गिरफ्तार किया था। इस पर दिल्ली सरकार ने एस पी सिंह को केंद्र से निलंबित करने की सिफारिश की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।