केजरीवाल के दफ्तर पर छापा नहीं-सीबीआई
(India)

छापेमारी पर सीबीआई ने अपने बयान में कहा है कि केजरीवाल के दफ्तर पर छापा नहीं, जांच में बाधा डालने के लिए झूठा प्रचार नहीं करना चाहिए। सीबीआई प्रवक्ता देवप्रीत सिंह ने कहा कि मुख्य सचिव समेत छह पर केस दर्ज किया गया है। सीबीआई ने मंगलवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के घर और दफ्तर छापे मारे हैं। उनके खिलाफ पद का दुरूपयोग करने का एक केस दर्ज किया गया है। सीबीआई ने बताया कि उसने राजेंद्र कुमार के खिलाफ दिल्ली सरकार के विभागों से निविदाएं दिलाने में पिछले कुछ सालों में एक विशेष फर्म की मदद करके अपने आधिकारिक पद का दुरूपयोग करने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। एजेंसी ने कहा, श्वारंट लेने के बाद राजेंद्र कुमार के ऑफिस और आवास में छापे मारे गएश्। राजेंद्र कुमार पर दिल्ली संवाद आयोग के पूर्व सदस्य सचिव आशीष जोशी ने आरोप लगाए थे। एजेंसी ने दावा किया कि उसने कुमार के आवास से 2.4 लाख रुपए समेत कुल 13 लाख रुपए बरामद किए है। एजेंसी ने राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर प्रदेश में एक साथ करीब 14 स्थानों पर छापे मारे। एजेंसी ने भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की अलग-अलग धाराओं के तहत दर्ज अपनी प्राथमिकी में कुमार के अलावा इंटेलिजेंट कम्युनिकेशन सिस्टम इंडिया लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशकों ए के दुग्गल और जी के नंदा, आईसीएसआईएल के प्रबंध निदेशक आर एस कौशिक, एनडीवर सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों संदीप कुमार और दिनेश के गुप्ता और उक्त फर्म का नाम आरोपी के रूप में दर्ज किया है। उन्होंने दावा किया कि तलाशी के दौरान नंदा के पास से 10.5 लाख रुपए बरामद किए गए और प्रधान सचिव कुमार के आवास से तीन अचल संपत्तियों संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुमार ने उनके ईमेल अकाउंट खोलने के दौरान एजेंसी के कर्मियों के साथ सहयोग नहीं किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।