निर्भया कांड का नाबालिग दोषी रिहा
(India)

राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर को हुए निर्भया कांड के नाबालिग दोषी की रिहाई हो गई है। नाबालिग दोषी को एक एनजीओ की निगरानी में रखा जाएगा। गौरतलब है कि केंद्र और दिल्ली सरकार की भूमिका पर सवाल खड़ा करते हुए निर्भया दुष्कर्म कांड की पीड़िता के माता-पिता ने आज कहा कि घटना के किशोर दोषी की रिहाई रोकने के लिए पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गयी। किशोर की रिहाई का विरोध करते हुए पीड़िता की मां ने कहा, हमारी लड़ाई केवल इस बारे में है कि उसे (किशोर दोषी) रिहा नहीं किया जाना चाहिए। अगर वह बाहर आएगा तो सुनवाई (उच्चतम न्यायालय द्वारा) का या अन्य किसी चीज का क्या मलतब है। उन्होंने कहा, सब जानते थे कि उसे रिहा किया जाएगा तो इन तीन सालों में कदम क्यों नहीं उठाये गये। मैं न्याय चाहती हूं और उसकी रिहाई पर रोक चाहती हूं। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग ने कल देर रात किशोर दोषी की रिहाई पर रोक लगाने के लिए नाटकीय घटनाक्रम में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। देर रात दो बजे अपने फैसले में अवकाशकालीन पीठ ने तत्काल सुनवाई करके आज होने वाली उसकी रिहाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और मामले की सुनवाई सोमवार को करने की घोषणा की। किशोर अपराधी की रिहाई के मुद्दे पर केंद्र और दिल्ली सरकार के असहाय दिखने पर पीड़िता के पिता ने भी नाखुशी जाहिर की।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।